- पहले 1582 रुपये तक के दाम में मिल रहा था सिलिंडर, एजेंसियों पर लगी लाइन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एक ओर जिला प्रशासन एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य होने के वायदे कर रहा है वहीं बढ़ते दाम ने लोगों में नाराजगी बढ़ाई है। पांच किलो गैस वाले सिलिंडर लेने वाले लोगाें ने दाम बढ़ने पर कहा कि पहले ही परेशानी कम नहीं थी अब दाम बढ़ने से दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
सेक्टर 104 में रहने वाले राजीव नारायण ने बताया कि पांच किलो गैस वाला सिलिंडर लेने के लिए तीन दिनों से गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे थे। शुक्रवार को जब पहुंचे तो दाम बढ़ गए। अब 250 रुपये अतिरिक्त देने पड़े। वहीं अयोध्या के रहने वाले छात्र हरीष ने बताया कि वह बी फार्मा कर रहे हैं और मामूरा में रह रहे हैं। अभी तक तो बाहर से महंगे दाम में सिलिंडर में गैस भरवा ली थी। जो अब खत्म होने वाली है। पांच किलो गैस वाला छोटा सिलिंडर लेने का विचार किया था लेकिन उसके दाम भी बढ़ गए हैं। खर्च के लिए घर से ही रुपये मिलते हैं अब अतिरिक्त रुपये लेने पड़ेंगे। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि वितरण में कोई दिक्कत नहीं हो रही है। जितने लोग पहुंच रहे हैं उन्हें सिलिंडर दिया जा रहा है।