-यूट्यूब लिंक, फर्जी निवेश एप, फर्जी फ्लैट बिक्री और टेलीग्राम के जरिए हुई धोखाधड़ी
-नॉलेज पार्क, बीटा-2 और ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से 10 लोगों से साइबर ठगी कर ली। ठगी का शिकार लोगों की शिकायत पर नॉलेज पार्क, बीटा-2 और ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की हैं। सभी शिकायतें बृहस्पतीवार को दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच अधिकारी नियुक्त कर साइबर हेल्प डेस्क की मदद से रकम की बरामदगी की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के ग्राम तुगलपुर निवासी हरीश कुमार ने बताया कि उनके साथ यूट्यूब लिंक के माध्यम से साइबर फ्रॉड हुआ। जिसमें उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। एक में 5,69,998 रुपये और दूसरी में 6,21,992 रुपये की ठगी की सूचना दी गई। कुल मिलाकर पीड़ित से करीब 11.9 लाख रुपये ठगे गए। वहीं
बीटा-2 थाना क्षेत्र की एनआईआई रेजीडेंसी निवासी सीमा दुर्रानी ने शिकायत दी कि उनके साथ ऑनलाइन माध्यम से 6 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई।
नॉलेज पार्क क्षेत्र में एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी निवासी विशाल बलेचा के साथ फ्लैट बिक्री के नाम पर ठगी हुई। शिवेंद्र साही नामक व्यक्ति ने ऑनलाइन एक फ्लैट की फर्जी फोटो दिखाकर पीड़ित से 10 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए और बाद में संपर्क तोड़ दिया। ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी परिसर निवासी रोहित कुमार के साथ टेलीग्राम के माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने अनधिकृत रूप से 6,91,686 रुपये की ठगी की। पीड़ित ने बताया कि टेलीग्राम पर लाइक और सब्सक्राइब जैसे टास्क देकर पहले छोटी रकम कमाने का झांसा दिया गया, फिर बड़ी रकम ऐंठ ली गई।
ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र के गांव दाऊदपुर निवासी दुष्यंत कुमार से 6 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई। पीड़ित ने पहले एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी और बाद में उसी आधार पर एफआईआर दर्ज कराई है। बीटा-2 क्षेत्र के पार्श्वनाथ स्टेट निवासी शुभजीत नाहा के बैंक खाते से विभिन्न खातों में अवैध रूप से 6 लाख रुपये स्थानांतरित कर लिए गए। जांच में सामने आया कि इस रकम के लेन-देन में अमीश अग्रवाल नामक व्यक्ति के आईसीआईसीआई बैंक खाते और यूपीआई आईडी की भूमिका सामने आई है।
स्वर्ण नगर बीटा-2 निवासी अंकुर मल्होत्रा के साथ ऑनलाइन निवेश से जुड़ी ठगी में 8,32,041 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पीड़ित ने बताया कि निवेश के नाम पर झांसा देकर उनसे यह रकम ऐंठी गई। निंबस सोसाइटी बीटा-2 निवासी शिव कुमार के साथ साथ भी ठगी की गई। एक फॉरेक्स ट्रेडिंग एप्लीकेशन पर निवेश के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनसे 13 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। किसी ने निवेश दिखाकर उनका पैसा लूट लिया। एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी बीटा-2 निवासी रोहित कपूर ने बताया कि उनके साथ छह अलग-अलग एनसीआरपी शिकायतों के जरिए करीब 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई। जिसकी उन्होंने बैंक में अलग-अलग शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। रकम की वापसी के लिए उन्होंने अब प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सिग्मा-2 बीटा-2 निवासी अशोक कुमार के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बचत खाते से साइबर ठगों ने सेंधमारी कर 5 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर पहले ही दर्ज करा दी थी।