- आठ दमकल गाड़ियों के साथ हाइड्रोलिक प्लेटफार्म से बुझाई आग, लाखों का कपड़ा और सामान जला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 में शुक्रवार सुबह गारमेंट फैक्टरी में अचानक आग लग गई। इसके बाद फैक्टरी के ऊपरी हिस्से से धुआं व आग की लपटें निकलने लगी। इससे आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप मच गया। आग बढ़ने के साथ दूसरी फैक्ट्रियों तक लपटें पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। दमकल विभाग ने आठ गाडय़िों के साथ हाइड्रोलिक प्लेटफार्म लगाकर करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन चलाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-63 के एफ ब्लॉक स्थित ओम साईं गारमेंट्स फैक्ट्री में कुत्तों के सोने के लिए गद्दे तैयार किए जाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे फैक्टरी में आग लग गई। सुबह करीब 7:50 बजे अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। आग ऊपरी मंजिल पर होने के कारण सामान्य तरीके से पानी पहुंचाने में परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मंगाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद भी चौथी मंजिल पर काफी देर तक कूलिंग और सर्च ऑपरेशन चलता रहा। दमकल विभाग को अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।