- सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास से पुलिस ने पकड़ा
- दो पिस्टल, दो तमंचा, 9 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की कार बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, 9 कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से 10 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास घेराबंदी कर चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव निवासी होशियारपुर, यश नागर निवासी सादुल्लापुर, अभिषेक उर्फ अन्नू निवासी मिल्क लच्छी ओर जोगेंद्र उर्फ हैप्पी निवासी जलालपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने राहुल यादव के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए। वहीं यश नागर के पास से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस मिले। इसके अलावा अभिषेक उर्फ अन्नू के कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस जबकि जोगेंद्र उर्फ हैप्पी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों के पास से एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी यश नागर थाना इकोटेक-3 क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं यश नागर के खिलाफ बिसरख, इकोटेक-3, सेक्टर-39 और कासना थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अभिषेक उर्फ अन्नू के खिलाफ सेक्टर-39 और इकोटेक-3 थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। राहुल यादव के खिलाफ भी बिसरख और सेक्टर-49 थानों में मामले दर्ज हैं। जोगेंद्र उर्फ हैप्पी का नाम भी पूर्व में दर्ज आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी वारदात में किया गया था या नहीं।