-पति समेत छह पर प्रताड़ना का आरोप, कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली में केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने जेठ पर लज्जा भंग का प्रयास और पति समेत अन्य ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जेठ व पति समेत छह के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती की शादी 14 अप्रैल 2025 में दादरी क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। मायके वालों ने शादी में 25 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी 4.51 लाख रुपये समेत अन्य सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही अतिरिक्त दहेज के रूप में 11 लाख रुपये और फॉर्च्युनर कार की मांग करने लगे। इस बीच उसे पता चला कि पति के उसकी भाभी से अवैध संबंध हैं। विरोध करने पर पति ने मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 23 अक्तूबर को वह घर पर अकेली थी। इस दौरान जेठ ने छेड़खानी व दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी के चंगुल से छूटकर किसी तरह बची। पीड़िता को मायके स्थित घर के बाहर छोड़ कर कार और नकदी की मांग पूरी हुए बिना आने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए थे। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।