- टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7.02 लाख की ठगी, बुजुर्ग के खाते से 7.49 लाख उड़ाये
- साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर नोएडा में दो लोगों से करीब 14.52 लाख रुपये ठग लिए। एक मामले में ठगों ने टेलीग्राम पर डिजिटल मार्केटिंग और होटल रिव्यू के नाम पर पीड़ित को टास्क पूरा करने के बदले मोटे मुनाफे का झांसा दिया। दूसरे मामले में 75 वर्षीय बुजुर्ग के मोबाइल पर आए दो संदेशों के कुछ ही मिनट बाद बैंक खाते से 7.49 लाख रुपये निकल गए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गौर सिटी-2, ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी शंभू नाथ गौरव ने साइबर क्राइम थाने में दर्ज एफआईआर में बताया कि उन्हें टेलीग्राम के जरिये होटल के गूगल रिव्यू करने के लिए संपर्क किया गया। इसके बाद उन्हें एक कथित डिजिटल मार्केटिंग और एसईओ कंपनी से जोड़कर वेलफेयर और निवेश से जुड़े 21 टास्क पूरे करने का झांसा दिया गया। पीड़ित के अनुसार शुरुआत में मुनाफा दिखाकर उनसे लगातार रकम जमा कराई गई। बाद में पोर्टल पर रकम फंसने की बात कहकर निकासी रोक दी गई। एफआईआर में पीड़ित ने बताया कि ठगों ने 4.60 लाख रुपये और देने की मांग की। ठगी की कुल रकम 7.02 लाख रुपये दर्ज की गई है।
दूसरे मामले में सेक्टर-34 स्थित हिमगिरी अपार्टमेंट निवासी शशि सहगल ने शिकायत दी है। एफआईआर के अनुसार 19 अप्रैल की दोपहर उनके मोबाइल पर दो संदेश आए। इसके बाद इंडसइंड बैंक के खाते से चार लाख और 3.49 लाख रुपये, यानी कुल 7.49 लाख रुपये डेबिट हो गए। पीड़ित ने साइबर अपराध की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर भी दर्ज कराई थी। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है और दोनों मामलों में पुलिस ने बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरण जुटाने शुरू कर दिए है।