-जेवर नगर पंचायत के वार्ड-12 में होने हैं उप चुनाव
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी।
नगर पंचायत जेवर में होने वाले उप चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने अब अपना जनसंपर्क तेज कर दिया है। प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से मिल रहे हैं और उनसे वोट करने की अपील कर रहे हैं। नगर पंचायत के वार्ड-12 में सभासद के लिए उप चुनाव हो रहे हैं, जिसके लिए प्रत्याशी लगातार वोटरों को रिझाने में लगे हुए हैं। जिससे कि वह चुनाव में जीत हासिल कर सकें।
वार्ड-12 के सभासद के पद के लिए 5 मई को उप चुनाव होने हैं। जेवर तहसील के देवेश गोयल, पराग और मोहित ने नामांकन कराया था। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार प्रसार थम जाएगा और प्रचार सामग्री पर रोक लगा दी जाएगी। ऐसे में प्रत्याशी जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। हालांकि प्रत्याशियों को चुनाव आयोग की ओर से निर्देश हैं कि वह वोटरों को गलत तरीके से किसी तरह का प्रलोभन, धन लाभ या इस तरह का लालच बिल्कुल भी न दें।