श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, लगाए जयकारे
-नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई भव्य जगन्नाथ यात्रा
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। शहर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा अत्यंत उल्लास और भक्तिभाव के साथ निकाली गई। इस दौरान नोएडा के पांच प्रमुख स्थानों और ग्रेटर नोएडा में आयोजित यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सेक्टर 121 स्थित जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर यात्रा सेक्टर 71 के बाबा बालकनाथ मंदिर पहुंची। इस मंदिर में पुरी के नियमों के तहत पारंपरिक अनुष्ठान किए गए। सेक्टर 102 सलारपुर सबसे पुराने मंदिर से दोपहर 3 बजे शुरू हुई यात्रा सेक्टर-61 स्थित साईं मंदिर पहुंची। अन्य क्षेत्रों सेक्टर 34 में ढोल-नगाड़ों के साथ सामुदायिक केंद्र तक और सेक्टर-61 रॉयल गार्डन एस्टेट में पहली बार भव्य यात्रा निकाली गई।
नोएडा सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया। सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर यह यात्रा विभिन्न सेक्टरों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 50 फीट ऊंचा विशेष रथ था, जिसे आवश्यकतानुसार ऊंचा-नीचा किया जा सकता था। इस रथयात्रा में अमेरिका, रूस, कनाडा और फ्रांस जैसे देशों से आए विदेशी भक्त भी शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से दोपहर 3 बजे रथयात्रा शुरू हुई। ओमैक्स गोल चक्कर, रामपुर गोल चक्कर और रयान स्कूल मार्ग से होते हुए श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से रथ खींचा। शाम को मंदिर परिसर में भव्य महाप्रसाद का वितरण किया गया। सभी रूटों पर भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल और मंदिर समितियों के स्वयंसेवक मुस्तैद रहे।