डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि की कामना
नोएडा। दोपहर दो बजे से ही महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ सज-धजकर घाटों पर पहुंचने लगीं। उनके हाथों में पूजा की टोकरी और सूप में सजे प्रसाद थे। शाम होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। महिलाओं ने पानी में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव की पूजा की। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों और पूजा स्थलों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम ढलते ही छठी मैया के पारंपरिक गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया।
सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद विधि-विधान से पारण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करेंगे।
सोसाइटियों में भी दिखा छठ का उत्साह
सेक्टर-50 स्थित आम्रपाली एक्सोटिका, सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन और सेक्टर-75 स्थित एम्स गोल्फ एवेन्यू में पर्व मनाया गया। सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टेरिया और सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड में भी आयोजन हुए। सेक्टर-34 स्थित अरावली अपार्टमेंट समेत कई बड़ी सोसाइटियों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
सेक्टर-21 स्थित नोएडा स्टेडियम में प्रवासी महासंघ ने कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लोक गायक आलोक पांडेय और गायिका अंशिका सिंह ने गीतों की प्रस्तुति दी। सेक्टर-94 स्थित कालिंदी कुंज और सेक्टर-7 के सेंट्रल पार्क में भी पर्व मनाया गया। सेक्टर-34 समेत शहर के कई अन्य स्थानों पर भी आयोजन हुए।
सुरक्षा के बीच घाटों पर हुई पूजा-अर्चना
शहर के अलग-अलग छठ घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहीं। स्वयंसेवकों और आयोजन समितियों के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की गई।
कालिंदी कुंज समेत कई जगहों पर रेंगा यातायात
सबसे ज्यादा भीड़ सेक्टर-94 स्थित यमुना घाट पर रही। इसके चलते सेक्टर-37 से कालिंदी कुंज जाने वाली सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। दिल्ली की सीमा में पहुंचने के लिए लोगों को एक-एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। नोएडा स्टेडियम समेत अन्य छठ घाटों के आसपास भी जाम की स्थिति बनी रही।