हिमालय चौहान ने प्री नेशनल शूटिंग के लिए किया क्वालीफाई
- फोटो : हिमालय चौहान ने प्री नेशनल शूटिंग के लिए किया क्वालीफाई
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के युवा निशानेबाजों ने शूटिंग में प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। देव प्रताप और हिमालय चौहान ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
देहरादून में 13 से 30 जुलाई तक आयोजित एनआरएआई ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप (जसपाल राणा मेमोरियल कप) में देव प्रताप ने जूनियर वर्ग की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। वह नोएडा स्थित सनराइज शूटिंग अकादमी में कोच दीपक तोमर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले देव राष्ट्रीय और एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीत चुके हैं। वहीं, नोएडा के हिमालय चौहान ने 10 मीटर एयर पिस्टल यूथ वर्ग में 400 में से 350 अंक हासिल कर प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। जीएनआईएम बीसीए द्वितीय वर्ष के छात्र हिमालय सेक्टर-45 स्थित राजाजी शूटिंग अकादमी में कोच राजकुमार चौहान से प्रशिक्षण ले रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर परिवार और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।