संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चार महीने से कमीशन न मिलने व अन्य मांगों को लेकर डिपोधारकों ने सोमवार को डीएफएससी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डिपोधारकों ने डीएफएससी जतिन मित्तल को मांग पत्र भी सौंपा। डीएफएससी ने सभी को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनका कमीशन जारी कर दिया जाएगा। साथ ही अन्य मांगों से मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा।
खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय में जिला यमुनानगर डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुशील मित्तल के नेतृत्व में डीएफएससी कार्यालय पर डिपो धारकों ने प्रदर्शन किया। सुशील मित्तल ने कहा कि उन्हें राशन के बदले मिलने वाला कमीशन हर माह नहीं मिल रहा। वह पूरी तरह से कमीशन पर ही निर्भर हैं। बिना कमीशन उन्हें घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। इसलिए उन्हें हर माह कमीशन दिया जाए। उनका चार माह का कमीशन अभी तक रुका हुआ है।
वहीं कानफेड या स्टोर में डिपो धारकों की जो राशि जमा की जाती है उसमें से कमीशन काट कर सभी डिपो धारकों के पैसे जमा करवाए जाएं। बाजरा व गेहूं और चीनी व तेल के लिए अंगूठा एक बार स्कैन करने का ही प्रावधान किया जाए। सुशील मित्तल ने कहा कि हरियाणा में सरसों के दो लीटर तेल की कीमत 40 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दी है। जिससे बोतल का कमीशन केवल दो रुपये ही डिपो धारक को मिलता है।
अब कीमतें बढ़ जाने से डिपो धारक को पहले से ढाई गुना पैसा जमा विभाग के पास जमा कराना पड़ता है। इसलिए तेल पर कमीशन पांच रुपये प्रति लीटर किया जाए। डिपो से मिलने वाली चीनी का रेट 15 या 20 रुपये प्रति किलोग्राम किया जाए। अभी यह चीनी 13.50 रुपये में दी जा रही है। इससे उन्हें खुले पैसे रखने में काफी परेशानी हो रही है। मौके पर बृजभूषण राणा, विनोद राणा, गजेंद्र राणा, गुलाब सिंह, सुरेंद्र वर्मा, भीम सेन, तिलकराज, मदन लाल समेत अन्य मौजूद रहे।