संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में डेंगू और मलेरिया रोकथाम अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो क्लीनिक में डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर का लार्वा मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया गया। क्लीनिक में रखे कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जल भंडारण पात्रों की जांच की गई।
स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य स्टाफ और संस्थान प्रभारियों को स्वास्थ्य शिक्षा दी और सप्ताह में एक बार सभी वाटर कंटेनरों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। टीम ने लोगों को घरों और संस्थानों में पानी जमा न होने देने की सलाह भी दी। स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डॉ लोकवीर के निर्देशानुसार डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर के कई मिठाई भंडारों का भी दौरा किया और संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभिन्न कॉलोनियों में जागरूकता अभियान चलाकर मलेरिया और डेंगू से बचाव संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। एसएसआई राम मेहर ने स्थानीय लोगों को बीमारियों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।