सिरसा में रोडवेज वर्कशॉप में पड़े टायरों में लारवा को खत्म करने के लिए दवा का छिड़काव करती स्वा
सिरसा। डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार शाम को रोडवेज वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान रोडवेज की वर्कशॉप परिसर में पानी भरा मिला, जहां डेंगू मच्छर का लारवा पनप रहा था।
विभाग ने रोडवेज प्रबंधन को नोटिस जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं कि दो दिन के भीतर परिसर की सफाई कराकर स्थिति को सामान्य करें, अन्यथा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रोडवेज परिसर में टायरों में जमा लारवा को खत्म करने के लिए दवा का छिड़काव किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कई अन्य खामियां भी देखने को मिली है। कई जगह जलभराव और गंदगी की स्थिति मिली जिससे मच्छरों के प्रकोप को और बढ़ावा देने वाली थी। मलेरिया विभाग से डॉ. गौरव ने बताया कि लंबे समय तक पानी भरने से डेंगू का मच्छर तेजी से पनपता है। यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
इस प्रकार की स्थिति को भांपते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अब वे अपनी टीमों सहित जिले के विश्वविद्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों व सरकारी संस्थानों में टीमें भेजकर स्थिति की जांच करवाएंगी। इसके साथ ही छात्रों और अध्यापकों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा।
डॉ. गौरव ने बताया कि जिले में इन दो दिनों में डेंगू के तीन नए मामले सामने आ चुके हैं। कुल 50 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 43 लोग इलाज के बाद घर जा चुके हैं और सात लोगों का निजी सहित सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने अपनी टीमों को सतर्क किया है।
उन्होंने कहा कि शहर में नगर परिषद को भी निर्देश दिए गए हैं कि शहर में जहां भी खाली स्थानों पर पानी भरा हुआ है, वहां तुरंत सफाई अभियान चलाकर लारवा नष्ट किया जाए। इसके साथ ही नगर परिषद को नोटिस जारी कर सफाई और फॉगिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इसके साथ ग्रामीण इलाकों में पंचायतों को भी इस बारे में अवगत करवाया गया है।