कार्यालय में घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट
तावडू। पचगांव चौक स्थित बिल्डिंग मैटेरियल के कार्यालय में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर तावडू पुलिस ने चार नामजद सहित 6-7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राशिद ने बताया कि पचगांव रोड पर एमएसडी स्कूल के नजदीक उनके ताऊ के लड़के का कार्यालय है, जिसमें बिल्डिंग मैटेरियल का काम है। आरोप है कि मंगलवार शाम 5 बजे के करीब कार्यालय पर नसीम निवासी बुराका के साथ उनकी कहासुनी हो गई। इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। आरोप है कि इसके बाद स्विफ्ट कार और तीन मोटरसाइकलों पर सवार होकर हाकम, ईशा, रत्ती, नसीम और 6-7 लोग लाठी-डंडे व रॉड लेकर उनके कार्यालय में घुस आए। कार्यालय में तोड़फोड़ के साथ बुरी तरह से मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर उनके ताऊ का लड़का अम्मार और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आरोपियों से बचाया और उपचार के लिए नूंह सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उन्हें शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित राशिद की शिकायत पर आरोपी हाकम, ईशा, रत्ती नसीम और 6- 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।