आरोपी ने ग्रेटर कैलाश के नामी बिल्डर को दी धमकी, जीके-एक थाना पुलिस ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महरौली निवासी भूपेंद्र (41) और परिवार के अन्य सदस्य भी दिल की बीमारी से पीड़ित हैं। इस बीमारी के कारण कुछ समय पहले छोटे भाई की मौत हो गई थी। ऐसे में भूपेंद्र पर अपनी व परिवार के सदस्यों की दवा का बिल 80 लाख रुपये से ज्यादा हो गया था। इस कर्ज को उतारने के लिए नामीगिरामी बिल्डर से भूपेंद्र ने दो करोड़ रुपये ऐंठने की साजिश रची। बिल्डर को मैसेज भेजकर धमकी दी कि शाम चार बजे तक पैसे नहीं दिए तो खबर बनने को तैयार हो जाओ। पीड़ित की शिकायत पर ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस ने भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि ग्रेटर कैलाश-एक निवासी बिल्डर ने 10 मई को जीके-एक थानाध्यक्ष अजीत कुमार को शिकायत दी थी कि उसे मोबाइल पर मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने जान से मारने की धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। बिल्डर ने मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया तो आरोपी ने फिर मैसेज किया। शिकायत पर मामला दर्जकर थानाध्यक्ष अजीत कुमार की देखरेख में एसआई विनोद कुमार, एएसआई कमलेश व हवलदार सुनील की टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता लगा कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरा मैसेज भेजा गया है वह बंद है। सर्विलांस से पुलिस को 17 मई को पता लगा कि मोबाइल महरौली इलाके में चल रहा है। आखिरकार एसआई विनोद कुमार की टीम ने आरोपी भूपेंद्र को महरौली से गिरफ्तार कर लिया।
परिवार पर तीन वर्ष से कर्ज था
भूपेंद्र ने बताया कि परिवार पर तीन वर्ष से मोटा कर्ज था। उसकी बाईपास सर्जरी हो चुकी है। वह पहले रियल एस्टेट का ही काम करता था। इस कारण उसके पास दिल्ली-एनसीआर के बिल्डरों की फोन डायरेक्टरी थी जिससे नंबर लेकर उसने दो करोड़ रुपये ऐंठने के लिए फोन किया था।