Demand to get the status of Senior Secondary School to Kanya Vidyalaya
फिरोजपुर झिरका। उपमंडल के गांव भादस में बने राजकीय कन्या विद्यालय को सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिलवाने की मांग के संबंध में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अंजूबाला के नेतृत्व में शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर को मांग पत्र सौंपा। शिक्षामंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में एक सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
अंजू बाला ने बताया कि गांव में राजकीय कन्या विद्यालय है। इसमें बेटियां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए उन्हें पास के शहरों में जाना पड़ रहा है। बेटियों को घर से बाहर भेजने के लिए अभिभावक तैयार नहीं होते है। इस कारण ज्यादातर बेटियों की शिक्षा अधूरी रह जाती है। गांव में उच्च शिक्षा के लिए विद्यालय नहीं होने के चलते अधिकांश लड़कियां पढ़ाई छोड़ घर बैठ पर बैठ जाती हैं। इससेे मेवात क्षेत्र निरंतर महिला साक्षरता दर में वृद्धि करने की बजाय कम हो रही है। उन्होंने बताया कि अगर गांव में उच्च शिक्षा हेतु विद्यालय खुलता है तो यहां की बेटियां शिक्षा ग्रहण कर बेहतर नौकरी हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ नारे को सार्थक रखते हुए ग्रामीणों की इस मांग को सरकार को तत्काल प्रभाव से पूरा करना चाहिए। शिक्षामंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर तुरंत प्रभाव से उनके कार्यालय में भेजें, ताकि ग्रामीणों की मांग को अति शीघ्र पूरा किया जा सके।