ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा ली गार्डन सोसाइटी में स्विमिंग पूल की मांग को लेकर बाथ टब में बैठ
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की अजनारा ली गार्डन, मेफेयर रेजीडेंसी, फ्यूजन होम्स और अजनारा होम्स सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डरों के खिलाफ अलग-अलग अंदाज में प्रदर्शन किया। सभी जगह निवासियों ने मांग पूरी होने तक प्रदर्शन आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी है।
अजनारा ली गार्डन सोसाइटी के निवासियों ने सोसाइटी के गेट पर बच्चों के लिए बने प्लास्टिक के पूल में बैठकर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने स्वीमिंग पूल और क्लब नहीं दिए हैं। साथ ही, रजिस्ट्री और अन्य जरूरी सुविधाएं भी नहीं दी हैं। परेशान होकर निवासी 78 दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। यूपी रेरा ने भी अपनी रिपोर्ट में स्वीमिंग पूल और क्लब दर्शाया था, लेकिन मौके पर कुछ नहीं था। मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। वहीं, अजनारा होम्स सोसाइटी में भी निवासियों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है।
शंख बजाकर बिल्डर को जगाने का प्रयास
मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी के निवासियों ने शंखनाद कर बिल्डर को जगाने का प्रयास किया। निवासियों ने बताया कि 32 सप्ताह से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन बिल्डर समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है। मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ बिजली का कनेक्शन तक नहीं है। अस्थायी कनेक्शन से आपूर्ति की जा रही है, लेकिन उस कनेक्शन का भार कम है। इस कारण लगातार बिजली कटौती हो रही है। यूपी रेरा से लेकर प्रशासन तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। निवासियों ने आगे भी प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
बिल्डर के दूसरे प्रोजेक्ट तक किया विरोध
फ्यूजन होम्स सोसाइटी के निवासी नौ सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं। निवासियों ने पहले सोसाइटी के अंदर और फिर एक मूर्ति गोलचक्कर पर प्रदर्शन किया। इसके बाद निवासियों ने बिल्डर के नए प्रोजेक्ट के बाहर जाकर नारेेबाजी की। निवासियों ने बताया कि बिल्डर ने क्लब व मेंटेनेंस शुल्क को एक साथ मिला दिया है, जबकि क्लब शुल्क अनिवार्य नहीं है। क्लब की लंबित धनराशि को माफ करना होगा। मेंटेनेंस की बढ़ी दर को वापस करना होगा। सोसाइटी के बिजली कनेक्शन का भार कम है, जबकि खपत अधिक है। एक ट्रांसफॉर्मर लगाना है, लेकिन अभी तक नहीं लगाया। इस कारण रोजाना ट्रिपिंग की समस्या आ रही है।