- विद्युत सुरक्षा, फायर एनओसी और भवन मानकों की जांच कराने की उठाई मांग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ग्रेटर नोएडा इकाई ने जिले के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था और वैधानिक मानकों की व्यापक जांच कराने की मांग उठाई है। परिषद के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपकर लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड पर चिंता जताई।
प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि जिले के सभी कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, भवन की संरचनात्मक मजबूती, विद्युत सुरक्षा, वैध फायर एनओसी और अन्य सुरक्षा मानकों की तत्काल जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर देश का प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संयोजक अमरेंद्र सिंह, नगर मंत्री देवांश उपाध्याय, तुषार छपराना, राज कुमार जादोन और आदित्य तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्ले स्कूलों की सुरक्षा मजबूत करने की उठी मांग-
नोएडा। जिले में संचालित प्ले स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठी है। केयरिंग एसोसिएशन इंडिया का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवांश श्रीवास्तव के नेतृत्व में डीएम मेधा रूपम से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षित परिवहन सहित सख्त मानकों को लागू करने की मांग की। नियमित निरीक्षण व्यवस्था की भी अपील की गई। ब्यूरो