एसटीपी का संचालन नहीं होने पर लोगों ने जताया विरोध
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोेएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित आम्रपाली रिवरव्यू सोसाइटी के निवासियों ने सोसाइटी में कवर्ड पार्किंग की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि कोर्ट रिसीवर ने पिछले साल एनबीसीसी को पत्र के माध्यम से लिखित निर्देश दिए गए थे कि मौजूदा पोडियम के ऊपर एक और पोडियम बनाया जाए, जिसमें ग्राउंड लेवल पर कवर्ड पार्किंग और प्रथम तल पर ग्रीन पार्क व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएं। इन निर्देशों के बावजूद अब तक इस योजना पर एनबीसीसी द्वारा कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि जिस मौजूदा पोडियम क्षेत्र को पहले पार्क और आधुनिक सुविधाओं के लिए प्रस्तावित किया गया था, उसे ओपन पार्किंग के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। पार्किंग समस्या के अलावा, निवासियों ने सोसाइटी में ग्रीन एरिया न होना,फायर सेफ्टी सिस्टम की कमी, सभी लिफ्ट में पानी जाने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़ी समस्याओं को भी गंभीर मुद्दा बताया। उनका कहना है कि खराब एसटीपी की वजह से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। निवासियों ने सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप करने, कोर्ट रिसीवर के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और हजारों होमबायर्स के हितों की रक्षा करने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने कवर्ड पार्किंग निर्माण और वादा की गई सुविधाओं की बहाली के लिए स्पष्ट समयसीमा घोषित करने की मांग की है।