ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क को लेकर चल रहा विवाद अब निवासियों की रोजमर्रा की जरूरतों तक पहुंच गया है। बकाया मेंटेनेंस वाले निवासियों के घर डिलीवरी बॉयज की एंट्री को लेकर लागू नई व्यवस्था से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने विरोध दर्ज कराया है।
निवासी अंकित ने बताया कि पहले मेंटेनेंस शुल्क नहीं देने वाले कुछ लोगों के घर से कूड़ा उठाने की सुविधा बंद की गई और अब वेंडर और डिलीवरी बॉय की एंट्री को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं में सुधार करने के बजाय मेंटेनेंस नहीं देने वाले निवासियों पर अलग-अलग तरीके से दबाव बनाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि उनका यह फैसला सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर विरोध के तौर पर है।
निवासियों का कहना है कि वे मेंटेनेंस देने के खिलाफ नहीं हैं। उनकी मांग है कि शुल्क के बदले मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं भी ठीक होनी चाहिए। लिफ्ट खराब होने, सफाई की समस्या और बेसमेंट में सीवर व कचरा जमा होने की शिकायतें लंबे समय से की जा रही हैं। टावर एल की एक लिफ्ट करीब तीन महीने से खराब होने का दावा किया जा रहा है।
रिश्तेदारों की एंट्री पर रोक नहीं
मेंटेनेंस स्टेट मैनेजर राजेंद्र ने बताया कि केवल पांच महीनों से मेंटेनेंस शुल्क नहीं देने वाले निवासियों के घर डिलीवरी बॉयज की एंट्री पर रोक लगाई गई है। ऐसे निवासियों को सामान लेने गेट पर जाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिश्तेदारों की एंट्री नहीं रोकी जा रही है।
क्या बोले निवासी
सोसाइटी में जब जरूरी सुविधाएं ही ठीक नहीं हैं तो हम मेंटेनेंस किस बात का दें। सब मेंटेनेंस शुल्क देने को तैयार हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान भी किया जाना चाहिए। - दिनकर पांडेय
लिफ्ट लंबे समय से खराब है और सफाई की समस्या भी बनी हुई है। इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय विजिटर की एंट्री को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। - चंदन सिन्हा