ग्रेटर नोएडा। जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने विपक्ष से सांविधानिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को निर्वाचन प्रक्रिया और सांविधानिक संस्थाओं पर तथ्यों एवं आधिकारिक स्पष्टीकरण के आधार पर ही अपनी बात रखनी चाहिए। अमित चौधरी ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रक्रिया और निर्णयों को लेकर स्पष्टता दी है। आयोग ने कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को नीतिगत नहीं, बल्कि प्रशासनिक मामला बताया है। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 और मतदाता सूची को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय मतदाताओं को आधिकारिक जानकारी लेनी चाहिए। लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल पूछने का अधिकार है, पर सांविधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते समय तथ्यों का सम्मान करें। चुनावी हार को सांविधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जोड़ना उचित नहीं है। राजनीतिक मतभेदों का समाधान लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से होना चाहिए। ब्यूरो