ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में अमेजन डिलीवरी ब्वॉय विकास के साथ सहकर्मी आदर्श नागर व अन्य युवकों ने मारपीट की। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मोबाइल तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित अमेजन डिलीवरी ब्वॉय के साथ मारपीट और गालियां देने का मामला सामने आया है। सूरजपुर गांव के पीड़ित विकास का कहना है कि वह डिलीवरी ब्वॉय है। 21 सितंबर की सुबह वह रोजाना की तरह डिलीवरी ऑर्डर लेने गया था। इसी दौरान सहकर्मी आदर्श नागर उसे दूर-दराज के ऑर्डर दे रहा था। जब उसने पास के ऑर्डर देने को कहा तो आदर्श नागर आगबबूला हो गया और गाली-गलौच करने लगा।
विकास का आरोप है कि आदर्श ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और धमकी दी। जब विकास अपने घर लौट रहा था तो आदर्श नागर कुछ अन्य युवकों के साथ कार और मोटरसाइकिलों से उसका पीछा करते हुए सब्जी मंडी स्थित टीवीएस शोरूम के पास पहुंचा। वहां आरोपियों ने विकास को घेर लिया और लात-घूंसों व हेलमेट से मारपीट की। आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ित को बचाया। विकास के भाई ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है।