आईसीसीआईएसडी-2026 का आगाज, एक मंच पर जुटे शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ और विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित शारदा विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार से दो दिवसीय आईईईई इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन कम्प्यूटेशनल इंटेलिजेंस सिस्टम्स एंड डिवाइसेज (आईसीसीआईएसडी-2026) का शुभारंभ हुआ। आईईईई उत्तर प्रदेश सेक्शन के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के शोधकर्ता, शिक्षाविद, उद्योग विशेषज्ञ और विद्यार्थी एक मंच पर जुटे। सम्मेलन का उद्देश्य कंप्यूटेशनल इंटेलिजेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध एवं नवाचारों को साझा करना और वैश्विक चुनौतियों के समाधान पर विचार-विमर्श करना है।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस, स्मार्ट सिस्टम, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), साइबर सुरक्षा और अगली पीढ़ी की कम्प्यूटिंग तकनीकों पर अपने शोध प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने बदलते तकनीकी परिदृश्य में अनुसंधान और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि आज कंप्यूटेशनल इंटेलिजेंस केवल तकनीकी विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट शहरों जैसे क्षेत्रों में भी अहम भूमिका निभा रही है।
शारदा विवि प्रशासन के अनुसार, इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विद्यार्थियों और युवा शोधकर्ताओं को वैश्विक विशेषज्ञों से सीखने, अपने शोध प्रस्तुत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्क विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। सम्मेलन का समापन गुरुवार को तकनीकी सत्रों, शोध पत्र प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट शोध कार्यों के सम्मान के साथ होगा।