पीतमपुरा, शालीमार बाग के पार्कों का दौरा कर रेखा गुप्ता ने सौंदर्यीकरण के आदेश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को पीतमपुरा डिस्ट्रिक्ट पार्क और शालीमार बाग के करनैल वाला बाग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्कों को हरा-भरा, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के हर पार्क को नागरिकों के लिए सुरक्षित और आकर्षक बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पार्कों में जल निकायों की साफ सफाई, जिम उपकरणों की मरम्मत, म्यूजिकल फाउंटेन को चालू करने व मुख्य द्वार, चहारदीवारी, ग्रिल व लाइटिंग के नवीनीकरण का काम जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा पार्कों से अतिक्रमण हटाने, पेयजल व्यवस्था, शॉपिंग स्टॉल्स का पुनर्विकास, बेंच और टेबल लगाने के साथ योग प्लेटफॉर्म की मरम्मत और पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साइनबोर्ड और दिशासूचक संकेत लगाकर आगंतुकों की सुविधा बढ़ाने के लिए भी कहा।
कूड़े से आजादी अभियान से जुड़ने की अपील
रेखा गुप्ता ने लोगों से दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने पार्कों की दीवारों पर स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता के संदेश लिखवाने का सुझाव दिया ताकि लोग स्वच्छता को आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि जब तक हर नागरिक इस मुहिम में साथ नहीं देगा दिल्ली को पूरी तरह स्वच्छ बनाना मुश्किल है। मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग के बीएफ-ब्लॉक में 15 लाख रुपये की लागत से बने फुटपाथ, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली के हर पार्क व मोहल्ले को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना है।