कहा- सड़कों पर खुलेआम गैंगवार व हत्याएं हो रही हैं, पूरी दिल्ली दहशत में है
योगी कानून व्यवस्था ठीक करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सुझाव दें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से दिल्ली की खराब कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सुझाव देने की अपील की है। पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सड़कों पर खुलेआम गैंगवार हो रही हैं। लोगों की हत्याएं हो रही हैं। दिल्ली दहशत में है, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री के पास दिल्ली के लिए समय ही नहीं है। दिल्ली को गैंगस्टर्स के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता।
केजरीवाल ने कहा कि बृहस्पतिवार को योगी आदित्यनाथ दिल्ली आए थे। उन्होंने अच्छी बात कही जिसका पूरी दिल्ली के लोग समर्थन करते हैं। उन्होंने मुद्दा उठाया कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। दिल्ली में 11 बड़े गैंगस्टर्स के ग्रुप हैं, जिन्होंने पूरी दिल्ली को 11 हिस्सों में बांट लिया है और खुलेआम व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। व्यापारियों को फोन आ रहे हैं कि 3-4 करोड़ रुपये दो, नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।
महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल
केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली में रोजाना 17 बच्चों और 10 महिलाओं का अपहरण होता है। यहां खुलेआम चाकूबाजी हो रही है। लोगों की हत्याएं हो रही हैं। स्नेचिंग व चोरियां हो रही हैं। योगी कह रहे हैं कि उन्होंने यूपी से सारे गैंगस्टर्स खत्म कर दिए हैं। ऐसे में वे अमित शाह को सुझाव दें कि कैसे दिल्ली से गैंगस्टर राज खत्म किया जाए।