प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर उठाए सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप ने शुक्रवार को भाजपा सरकार को घेरा। प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कुछ देर की बारिश ने भाजपा सरकार की तैयारियों की पोल खोलकर रखकर दी। जगह-जगह जलभराव से दिल्लीवासी परेशान हैं और भाजपा की चार इंजन सरकार बेबस नजर आ रही है।
अगर दिल्ली का यही हाल रखना है तो भाजपा अपने चारों इंजन कबाड़ी को बेचकर चार नाव खरीद ले। कम से कम दिल्लीवाले तो बारिश में सफर कर पाएंगे। उन्होंने पटपड़गंज, संगम विहार, लक्ष्मी नगर, एम्स, गीता कॉलोनी, संजय झील, साउथ दिल्ली और एमबी रोड पर हुए जलभराव की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा अब झूठे दावे भी करना बंद कर चुकी है और सिर्फ मौसम के गुजरने का इंतजार कर रही है।मनीष सिसोदिया पटपड़गंज में सिर्फ स्कूल और दो-तीन स्विमिंग पूल बनवा पाए लेकिन भाजपा ने तो पूरे हाईवे को ही स्विमिंग पूल बना दिया। जलभराव की वजह से पुराने मकानों और दीवारों की नींव कमजोर हो रही है। मानसून में दीवारें और मकान गिरने से कई मौतें हो चुकी हैं।
उन्होंने बसंत कुंज, निजामुद्दीन, मीठापुर और कालकाजी की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सिर्फ इस बरसात में अब तक 35 से 40 लोगों की मौत हो चुकी है। आप सरकार के समय में जब राजेंद्र नगर में तीन छात्रों की मौत हुई थी तब भाजपा ने आसमान सिर पर उठा लिया था लेकिन अब इतने हादसों के बावजूद न भाजपा कुछ बोल रही है और न ही एलजी पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे हैं। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि सिर्फ छह माह में ही भाजपा की चार इंजन सरकार ने दिल्ली वासियों को बेहाल कर दिया है।