जबलपुर- ऊधमपुर-जबलपुर अमरनाथ स्पेशल ट्रेन वाया नई दिल्ली चलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-सहारनपुर के बीच यात्रा करने वाले मुसाफिरों के लिए अच्छी खबर है। अब इस रूट पर चलने वाली 20412/20411 सहारनपुर-दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेन में कोच की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे ज्यादा से ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। अब यह ट्रेन 8 कोच की जगह 12 कोच वाली होगी। इस तरह से रेलवे ने चार कोच अधिक जोड़कर चलाने का निर्णय लिया है। बुधवार से दिल्ली से जाने वाली यह ट्रेन 12 कोच के साथ चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों की राह आसान करने के लिए जबलपुर से ऊधमपुर और अहमदाबाद से गोरखपुर के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 01449/01450 जबलपुर- ऊधमपुर-जबलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस स्पेशल 10 से 31 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को जबलपुर से और वापसी दिशा में 01450 ऊधमपुर-जबलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस स्पेशल 11 जुलाई से एक अगस्त तक वाया नई दिल्ली प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वातानुकूलित शयनयान व सामान्य श्रेणी के कोच वाली यह ट्रेन सिहोरा रोड, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, मलखेड़ी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, नई दिल्ली, पानीपत, अंबाला कैंट, लुधियाना, जलंधर कैंट, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 09493 अहमदाबाद -गोरखपुर स्पेशल 9 जुलाई को चलेगी। मार्ग में साबरमती बीजी, महेसाना, पालनपुर, आबू रोड, फालना, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर अनवरगंज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती व खलीलाबाद स्टेशन पर ठहरेगी।