यूईआर-2 के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा - पीएम के नेतृत्व में 48 हजार करोड़ की परियोजनाएं पूरी हुईं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को रोहिणी में यूईआर-2 के उद्घाटन समारोह में कहा कि दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या को खत्म करने के लिए मोदी सरकार ने अब तक 65 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की हैं जिनमें से 48 हजार करोड़ रुपये के काम पूरे हो चुके हैं। उन्होंने अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर 2) और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसी अत्याधुनिक परियोजनाओं को दिल्ली की जाम समस्या के समाधान में मील का पत्थर बताया।
गडकरी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने मंत्रालय की पहली बैठक में ही देश को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा देने का लक्ष्य तय किया था। उस समय दिल्ली जाम और प्रदूषण से त्रस्त थी। सिंघू बॉर्डर से गुरुग्राम तक पहुंचना कठिन था। इन समस्याओं को दूर करने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट पूरे किए गए जिनसे सफर का समय घंटों से घटकर कुछ मिनटों का हो गया।
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे लंबे समय से अटके हुए थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आग्रह पर इन परियोजनाओं को एनएचएआई के तहत लेकर पूरा किया गया। 29 किलोमीटर की इस सड़क को डिजाइन करते समय भविष्य की 25 साल की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। इसमें सुरंग, पुल और बहुस्तरीय सड़कें बनाई गई हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली की 50 प्रतिशत जाम की समस्या खत्म होगी।
दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-कटरा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे
गडकरी ने कहा कि देश की लॉजिस्टिक लागत 14-16 प्रतिशत है जिसे घटाकर 2026 तक एकल अंक में लाने का लक्ष्य है। अच्छे सड़क नेटवर्क की वजह से लागत पहले ही छह प्रतिशत घटी है। दिल्ली-एनसीआर में इंटरकनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नए लिंक रोड भी तैयार किए जा रहे हैं जिससे दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-कटरा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे। मार्च 2026 तक डीएनडी-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिसंबर 2026 तक नोएडा एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट तक का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर पूरा होगा। अक्तूबर 2025 तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और दिसंबर 2026 तक दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे तैयार हो जाएगा। दिल्ली से मुंबई का सफर 12 घंटे और दिल्ली से देहरादून का सफर महज 2 घंटे का रह जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से दिल्ली को जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी।