विजेंद्र गुप्ता ने कहा- ग्रैप-4 के तहत मिलने वाली सुविधा से 20 लाख मजदूर वंचित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली सरकार को मजदूरों के मुद्दे पर घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार मजदूर विरोधी है। अदालत के आदेशों की अवहेलना कर भवन निर्माण मजदूरों को आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने पर ग्रैप-4 लागू होने के कारण बेरोजगार हुए लाखों श्रमिकों को तुरंत आर्थिक मदद मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को 8-8 हजार रुपये देने का आदेश देकर सरकार पीछे हट गई। इस असंवेदनशील रवैये के कारण लाखों मजदूरों के बच्चों को अन्न का निवाला तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। निर्माण गतिविधियों पर रोक की वजह से 20 लाख मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। दिल्ली सरकार ने पिछले दिनों दिल्ली बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड में पंजीकृत 90,759 श्रमिकों को 8000 रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन किसी भी मजदूर को 8 हजार रुपये नहीं मिले हैं। गुप्ता ने मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।