राज्यसभा के उपसभापति से विधानसभा अध्यक्ष ने की मुलाकात
कहा- विधानसभा डिजिटल हुई, मानसून सत्र में नेवा इस्तेमाल होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा में हो रहे बड़े बदलावों की जानकारी दी। साथ ही, विधानसभा की हाल की सफलताओं व भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) तैयार है। आगामी मानसून सत्र इसी ऐप से चलेगा। इससे विधायी कामकाज पूरी तरह डिजिटल होगा और सदन की कार्यवाही व दस्तावेज तक ऑनलाइन पहुंच आसान होगी। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए दिल्ली विधानसभा परिसर में 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा प्लांट लगाया गया है जो जल्द चालू होगा। विधानसभा जल्द ही पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा पर चलेगी। विधानसभा लाइब्रेरी को भी डिजिटल किया जा रहा है। इसका मकसद सदस्यों और कर्मचारियों को विधायी रिकॉर्ड, अभिलेखागार व शोध सामग्री तक आधुनिक तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विधानसभा परिसर को राष्ट्रीय महत्व का विरासत स्थल बनाने की योजना है ताकि इसकी ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को बचाया जा सके। यह पूरे देश में अंतर-विधायी सहयोग व लोकतांत्रिक प्रगति के लिए एक मॉडल का काम करेगा। वहीं, उपसभापति ने विजेंद्र गुप्ता के इन प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ये कदम राज्य स्तर पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करेंगे और देश के अन्य विधायी निकायों को भी ऐसे ही सुधार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।