-सीआरपीएफ के सामने डीएससी रोड पर चल रहा निर्माण, सर्विस रोड से गुजर रहा यातायात
ग्रेटर नोएडा। सीआरपीएफ कैंप के सामने दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) रोड पर नाले के निर्माण के कारण यातायात डायवर्ट किए जाने से लोग परेशान हैं। मुख्य सड़क बंद होने के कारण वाहनों को सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। सर्विस रोड टूटी होने और दोनों तरफ से वाहनों के आने के कारण रोजाना जाम लग रहा है। लोगों के मुताबिक, दो मिनट का सफर तय करने में 20 से 30 मिनट लग रहे हैं।
औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए डीएससी रोड के दोनों ओर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके जरिये सेक्टर के पानी को हिंडन नदी तक पहुंचाने की योजना है। प्राधिकरण ने मई में काम शुरू कराया था और जुलाई तक इसे पूरा करने का दावा किया था, लेकिन अब तक निर्माण पूरा नहीं हुआ है।
लोगों के अनुसार, सूरजपुर से कुलेसरा की ओर जाने वाली सड़क पर दो नालों का निर्माण होना है। पहले एक नाला बनने के बाद यातायात शुरू किया गया, लेकिन कुछ दिन बाद दूसरे नाले के निर्माण के लिए फिर डायवर्जन कर दिया गया। अब यातायात सीआरपीएफ कैंप के सामने सर्विस रोड से गुजर रहा है। सड़क खराब होने के साथ सामने से वाहन आने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। लोगों का कहना है कि दोनों नालों का काम एक साथ किया जाता तो परेशानी कम होती। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, केबल नहीं हटने के कारण एक साथ काम संभव नहीं था। अब काम तेजी से चल रहा है और करीब 10 दिन में पूरा कर दिया जाएगा। ब्यूरो