खाड़ी देशों में युद्ध से आभूषण के सेक्टर में गिरावट
जिले में सोना-चांदी और आर्टिफिशियल आभूषणों की सौ से अधिक इकाईयां
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से जिले के आभूषण सेक्टर में गिरावट आने लगी है, इससे कारोबारियों की चिंता बनी हुई है। जिले से काफी तादाद में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ही आर्टिफिशियल आभूषणों का कारोबार होता है।
जिले में सोना-चांदी और आर्टिफिशियल आभूषणों की सौ से अधिक इकाईयां हैं। इसमें दस हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार भी मिला हुआ है। इसके अलावा सालाना दो हजार करोड़ का कारोबार होता है। इसमें सबसे ज्यादा कारोबार खाड़ी देशों के साथ हो रहा था। अब खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की वजह से शहर के कारोबारियों का कारोबार भी प्रभावित होने लगा है। आभूषण कारोबारी विपिन अग्रवाल ने बताया कि अब खाड़ी देशों से नए ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। सेक्टर 18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के अनुसार, पुराने ऑर्डर पर भी रोक लगा दी गई है। इस समय बहुत सीमित मात्रा में ही कारोबार हो रहा है। इससे काफी नुकसान भी हो रहा है। सेक्टर 50 स्थित निजी शोरूम मैनेजर रमेश वत्स ने बताया कि अब युद्ध खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। तब ही कारोबार पटरी पर आएगा।