नशे के लिए प्रतिबंधित इंजेक्शन बेचने वाला डीलर गिरफ्तार
- आरोपी के पास से 94 इंजेक्शन बरामद, दिल्ली एनसीआर के लोगों को ऑनलाइन माध्यम से बेचता था मेफ्टरमाईन सल्फेट इंजेक्शन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। युवाओं में नशे का जहर घोलने के लिए प्रतिबंधित इंजेक्शन बेचने वाले ड्रग डीलर को फेज तीन थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 94 मेफ्टरमाईन सल्फेट इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इंजेक्शन की खपत पूरे दिल्ली एनसीआर में हो रही थी। आरोपी ऑनलाइन गूगल एड्स के जरिए इंजेक्शन का विज्ञापन देता था। उसके बाद संपर्क में आए लोगों से ऑनलाइन ही रुपये लेकर उन्हें इंजेक्शन उपलब्ध करा देता था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मूल रूप से गांव बरमाना हाथरस निवासी चन्द्रशेखर के रूप में हुई है। आरोपी हाल में खजूरी खास, दिल्ली में रहता है। आरोपी के पास से कई ऐसे लोगों के नंबर भी उपलब्ध हुए हैं जिनके साथ मिलकर वह इन इंजेक्शन का व्यापार कर रहा था। पुलिस नंबरों को भी ट्रेस कर रही है। नोएडा के फेस-3 थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। सेंट्रल नोएडा डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, फेस तीन थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर-68 से प्रतिबंधित ड्रग की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन करता था ग्राहकों से संपर्क
डीसीपी ने बताया, आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली के खजूरी खास से इन प्रतिबंधित ड्रग्स को लेता था और अपने साथियों के साथ नोएडा सहित एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पकड़े गए आरोपी से कस्टमर और इसके साथियों की जानकारी मिली है। पकड़ा गया आरोपी ऑनलाइन माध्यम से अपना नंबर डालकर ड्रग्स बेचता था। इसके बाद जो लोग इससे ऑनलाइन संपर्क करते थे। उनसे पेमेंट लेने के बाद सप्लाई करता था। पकड़े गए आरोपियों के अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।