-परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, अभी तक पुलिस को नहीं मिली कोई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी ।
तीन दिन से गायब युवक का शव सोमवार को ग्राम प्रधान के भाई के घर में सोफे पर पड़ा मिला। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वहीं अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि जिस घर में युवक शव मिला है वह कई दिनों से बंद पड़ा है।
दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव आकिलपुर निवासी मनोज (42) खेती का काम करता था। मनोज के परिवार में पत्नी श्यामवती, एक बेटा व बेटी हैं। मनोज की पत्नी शिक्षा मित्र है। एक जून को मनोज खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वह वापस नहीं लौटा। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनाें ने बादलपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
ग्राम प्रधान के भाई सुरेंद्र सिंह का गांव में घर बना हुआ है। मगर वह परिवार के साथ गांव से दूसरे शहर चले गए हैं। इस वजह से मकान बंद रहता है। उनके घर पर नहाने के लिए एक हौदी बनी है। रविवार को गांव के कुछ बच्चे पानी की हौदी में नहा रहे थे। उनमें गांव के ही देवेंद्र का बेटा भी था। देर तक घर नहीं पहुंचने पर देवेंद्र बेटे को तलाश करते हुए आ गए। पिटाई के डर से उनका बेटा दूसरी मंजिल पर एक कमरे में घुस गया। जहां मनोज का शव सोफे पर पड़ा मिला। तेज बदबू आ रही थी। जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार का कहना है कि मामले में मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।