बुलंदशहर में नदी के किनारे मिला शव, हत्या की आंशका
-ग्रेनो वेस्ट के रोजा जलालपुर गांव के रहने वाले थे मृतक, दो अगस्त की दोपहर से थे गायब
-मामला दर्ज नहीं करने पर परिजनों ने किया था बिसरख कोतवाली का घेराव, केस दर्ज हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव के समाजसेवी का शव बुलंदशहर के नरसेना थाना क्षेत्र में नहर के पास पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सोमवार सुबह परिजनों ने शव के साथ बिसरख कोतवाली का घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही थी। वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों ने शिकायत नहीं दी थी। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
मृतक नरेश प्रजापति अपने परिवार के साथ रोजा जलालपुर गांव में रहते थे। वो प्रजापति एकता सभा के मीडिया प्रभारी भी थे और गांव में ही पूजा सामग्री बेचने की दुकान भी थी। परिजनों ने बताया कि दो अगस्त को वो अपनी बहन के घर गए थे। वहां से आने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को बताया कि वह किसी काम से बुलंदशहर के शिवाली गांव जा रहे हैं। शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। रविवार सुबह उनको बुलंदशहर में शव मिलने की सूचना मिली और पुलिस ने उनको शिनाख्त करने के लिए बुलाया।
परिजनों का आरोप है कि रात में परिजन बिसरख कोतवाली पहुंचे तो वहां मामला बुलंदशहर का बताकर केस दर्ज नहीं किया। इससे गुस्साएं परिजन सोमवार सुबह ग्रामीणों के साथ शव के साथ बिसरख कोतवाली पहुंचकर घेराव किया। सूचना मिलने पर तत्काल उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
फिर बरासत के पानी से निकली शव यात्रा
जलालपुर गांव के शमशान घाट में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। सोमवार को जब ग्रामीण समाजसेवी नरेश प्रजापति के शव को लेकर शमशान घाट पहुंचे तो वहां पर एक-एक फीट तक पानी जमा था। ग्रामीण मजबूरी में शव को लेकर गंदे पानी से निकलकर दाह संस्कार स्थल तक पहुंचे।