-नगर निगम और डूसिब शौचालयों के निरीक्षण में मिली खामियां
-गोकुलपुरी में शौचालय के अंदर और बाहर मानव मल पड़ा मिला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने नगर निगम और डूसिब शौचालयों के निरीक्षण के दौरान मिली खराब व्यवस्था के कारण अधिकारियों को समन जारी किया है। दरअसल, आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और सदस्य फिरदौस खान, वंदना सिंह व टीम ने बुधवार को कुछ शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोग को कई खामियां मिलीं।
गोकुल पुरी की संजय कॉलोनी झुग्गी में एमसीडी शौचालय, कल्याणपुरी और त्रिलोकपुरी इलाके के शौचालयों में गंदगी और अव्यवस्था मिली। वहीं कर्मचारी गायब थे और परिसर में चारों और मानव मल पड़ा था। वहीं कई शौचालयों में दरवाजे नहीं थे। टीम ने कहा कि शौचालयों की ऐसी स्थिति के कारण कई महिलाओं और लड़कियों को खुले में शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद शौचालय परिसर को साफ करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। असामाजिक तत्व रात के समय शौचालय के पास जमा हो जाते हैं जिससे महिलाओं और लड़कियों के लिए जगह असुरक्षित हो जाती है।
आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा मैं दिल्ली में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति देखकर काफी हैरान और निराश हूं। यहां महीनों से सफाई नहीं हुई है। शौचालयों के असामाजिक गतिविधियों के केंद्र बनने से महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।