दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को वीरांगना झलकारी बाई कोली की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को झलकारी बाई जैसी नायिकाओं के साहस और समर्पण से सीख लेनी चाहिए। वीरांगनाओं की कहानियां नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि झलकारी जैसी नायिकाओं के अदम्य साहस की वजह से आज भारत स्वतंत्र हवा में सांस ले रहा है। दिल्ली सरकार ने पहली बार मशहूर हस्तियों की जयंती व पुण्यतिथि मनाने की योजना में झलकारी का नाम शामिल किया है। इसका उद्देश्य सिर्फ एक दिन का सम्मान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को ऐसी वीरांगनाओं की गाथा से परिचित कराना है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों को झलकारी की स्मृतियों को संजोने के उनके प्रयास की सराहना की। 22 नवंबर को दिल्ली में झलकारी की जयंती पर आयोजन होंगे। रानी लक्ष्मीबाई ने झलकारी को दुर्गा दल में विशेष स्थान दिया था। निर्णायक लड़ाई में उन्होंने रानी का रूप धारण कर अंग्रेजों को भ्रमित किया और रानी को सुरक्षित निकाला। कार्यक्रम में एससी-एसटी-ओबीसी कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह और देशभर से आए अखिल भारतीय कोली कोरी शंखवार समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।