संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। म्हारी सड़क पोर्टल पर नगर निगम क्षेत्र की सड़कों व गलियों का डाटा अपलोड करने को लेकर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अभियंता शाखा के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शहर की सड़कों की रोड मैपिंग करने व म्हारी सड़क पोर्टल पर जल्द से जल्द डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि शनिवार व रविवार को अभियंता शाखा के सभी कनिष्ठ अभियंता, क्लर्क, ड्राफ्ट्समैन अर्थात नक़्शानवीस, कंप्यूटर ऑपरेटर सभी वार्डों की गलियों व सड़कों का अपडेट डाटा पोर्टल पर अपलोड करेंगे। बैठक में सबसे पहले नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कार्यकारी अभियंता विकास धीमान व अन्य अधिकारियों से म्हारी सड़क पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली सभी गलियों व सड़कों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि जीरो से तीन मीटर, तीन मीटर से छह मीटर, छह मीटर से नौ मीटर, नौ मीटर से 12 मीटर व इससे अधिक लंबी व चौड़ी सड़कों को पूरा डाटा तैयार किया जाए। सबसे पहले अप्रूव्ड एरिया की सड़कों व गलियों का डाटा तैयार करें। कार्यकारी अभियंता विकास धीमान ने बताया कि 3928 किलोमीटर लंबी 288 सड़कों की रोड मैपिंग हो चुकी है। जिनका डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि शनिवार व रविवार को सभी कनिष्ठ अभियंता, भवन निरीक्षक, क्लर्क, ड्राफ्ट्समैन अर्थात नक़्शानवीस, कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यालय आए और सभी वार्डों का डाटा म्हारी सड़क पोर्टल पर अपलोड करें। सभी अधिकारी इस कार्य को गंभीरता से लें। म्हारी सड़क पोर्टल पर डाटा अपलोड करने में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें। मौके पर कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, कनिष्ठ अभियंता अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।