संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। यमुना प्राधिकरण की ओर से विकसित की गई 22डी सोसाइटी में सभी अलॉटी रहने भी नहीं पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें सामने आने लगी हैं। सोसाइटी के कई फ्लैटों में सीलन की समस्या ने निवासी और निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि नई परियोजना होने के बावजूद शुरुआती चरण में ही ऐसी समस्याएं सामने आना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।
सोसाइटी निवासियों का कहना है कि सोसाइटी के कई फ्लैटों की दीवारों और छतों पर सीलन के निशान दिखाई देने लगे हैं। निर्माण के दौरान इस्तेमाल किए गए पाइप और अन्य सामग्री गुणवत्तापूर्ण नहीं हैं, जिसके कारण पानी रिसाव और नमी की समस्या आने लगी है। जिन फ्लैटों में अभी तक कोई रहने भी नहीं आया है, वहां भी सीलन की शिकायतें दिखाई दे रही हैं। नई आवासीय परियोजना में इस तरह की समस्या भविष्य में और बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।