खाने के स्वाद को बढ़ाने वाला जीरे के दाम अब आम लोगों की पहुंच तक आ गए हैं। चार महीने पहले तक 800 रुपये प्रति किलो में बिक रहे जीरे के दाम अब 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
पिछले कुछ महीनों से जीरे की आवक में तेजी आई है। राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादन वाले राज्यों से लगातार नया माल मंडियों में पहुंच रहा है। आवक बढ़ने से थोक बाजार में दामों में गिरावट देखी जा रही है, जिसका असर खुदरा बाजार तक पहुंच गया है। व्यापारी बताते हैं कि पिछले सीजन में उत्पादन प्रभावित होने के कारण जीरे के भाव अचानक बढ़ गए थे।
निर्यात मांग अधिक होने और घरेलू स्टॉक कम होने की वजह से दामों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया था, लेकिन अब फसल की स्थिति बेहतर है और माल की उपलब्धता बढ़ने से बाजार स्थिर हो गया है। कारोबारी संजय कुमार ने बताया कि थोक में जीरा इस समय 280 से 310 रुपये किलो तक बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में यह 350 रुपये किलो तक मिल रहा है। अगर अगले कुछ हफ्तों तक आवक इसी तरह बनी रही तो जीरे के दामों में और 10 से 15 फीसदी की गिरावट संभव है।