तकनीकी गड़बड़ी के कारण 30 मई को रद्द हो गया था कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। तकनीकी गड़बड़ी के कारण 30 मई को रद्द किया गया कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) शनिवार को दोबारा आयोजित किया गया। रविवार को भी सीयूईटी होगा। टेस्ट देने पहुंचे छात्रों ने बताया कि इस बार परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और प्रश्नपत्र आसान रहा। पहली पाली में 9 से 12 और दूसरी पाली 3 से 6 के बीच परीक्षा आयोजित की गई।
जानकारी के अनुसार, 30 मई को कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई थी। उस दिन परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को घंटों तक भीषण गर्मी में इंतजार करना पड़ा था। छात्रों का आरोप था कि उन्हें लगभग दो घंटे तक केंद्रों पर बैठाए रखा गया और बाद में परीक्षा निरस्त होने की सूचना दी गई। इससे नाराज छात्रों ने सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन भी किया था। अभिभावकों ने भी परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अंतिम समय पर परीक्षा रद्द करने से छात्रों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से परीक्षा आयोजित किए जाने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली। परीक्षा देकर बाहर निकले ज्यादातर छात्रों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और सरल बताया।
कोट
पिछली बार तकनीकी कारणों से परीक्षा रद्द होने से काफी परेशानी हुई थी। इस बार परीक्षा अच्छी रही और प्रश्न भी ज्यादा कठिन नहीं थे। - विक्रांत, भिवानी निवासी
कोट-
परीक्षा हो जाने से राहत मिली है। पेपर आसान था और समय प्रबंधन में भी कोई दिक्कत नहीं हुई। - प्रिंस शर्मा, रोहतक निवासी
कोटफोटो
प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम रहा और अधिकांश प्रश्न तैयारी के अनुसार आए। पिछली बार कई दिक्कतें आई थीं।- अक्षय, दिल्ली निवासी