शहर की हनुमान गली से निकाली गई हनुमानजी की शोभाशत्रा में शामिल झांकी।संवाद
- फोटो : samvad
श्रीरामलीला महोत्सव के तहत शनिवार को शहर में हनुमान जी की सवारी (शोभायात्रा) धूमधाम से निकाली गई। कई जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। सवारी देखने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा।
भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों की आरती उतारी गई और प्रसाद वितरित किया गया। शनिवार की शाम को हनुमान जी की शोभायात्रा का शुभारंभ नयागंज हनुमान गली राम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यहां से इस शोभायात्रा ने पूरे शहर में भ्रमण किया। देर शाम सादाबाद गेट स्थित अंगूमल की धर्मशाला पर पहुंचकर शोभायात्रा का विश्राम हुआ। शोभायात्रा में वानर सेना के साथ कई झांकियों को शामिल किया गया।
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्रीरामजी की झांकी शामिल की गई। इसके पीछे राम भक्त हनुमान की भी झांकी चल रही थी। सुग्रीव, अंगद और वानर सेवा की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही रामलीला प्रेमियों, अखाड़े के उस्ताद, खलीफा, प्रबुद्धजनों एवं नगर के आचार्य भी शामिल किए गए। आयोजन में संयोजक डाॅ. अविन शर्मा, सार्वजनिक धार्मिक सभा के अध्यक्ष रामबहादुर यादव भोला पहलवान, कैलाश चंद्र अग्रवाल मंत्री, प्रबंधक रामलीला कमेटी कृष्ण कुमार गौतम उर्फ पवन गौतम, रामअवतार यादव, मुकेश गौतम आदि शामिल रहे।