छुट्टी के दिन व्यापार मेले में उमड़ी भीड़, 90 हजार लोग पहुंचे
-यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का चौथा दिन, खरीदार घटे, आम जनता की बढ़ी भागीदारी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के चौथे दिन करीब 90 हजार लोग पहुंचे। रविवार होने के कारण इनमें आम लोगों की संख्या अधिक रही। जबकि खरीदारों की संख्या लगातार घट रही है। रात आठ बजे तक मेले में लोगों की भीड़ जुटी रही। आम जनता ने हस्तशिल्प उत्पादों की जमकर खरीदारी की।
व्यापार मेले का पहला दिन उद्घाटन के नाम रहा। उस दिन कम ही संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे। जबकि दूसरे दिन 48000 लोग मेले में पहुंचे। उनमें करीब 33 हजार आगंतुक और 15 हजार आम जनता शामिल थी। तीसरे दिन मेले में आने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 62000 पहुंच गई। आगंतुकों की संख्या 19311 और आम जनता की संख्या करीब 42 हजार रही। वहीं, आगंतुकों की संख्या चौथे दिन और कम हो गई। रविवार को 14253 आगंतुक बिजनेस ऑवर में पहुंचे। जबकि दोपहर तीन से रात आठ बजे के बीच 74000 लोग मेला देखने पहुंचे। रविवार की छुट्टी होने के कारण इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे कि पार्किंग भी हाउसफुल हो गई। मेले में लोगों की सबसे अधिक भीड़ हॉल नंबर 9, 10, 11, 12, 14 और 15 में हस्तशिल्प उत्पादों के स्टाॅल पर रही। लोगों ने कपड़ों की भी जमकर खरीदारी दी। प्रदर्शकों ने भी इसका लाभ उठाया और छूट पर कपड़ों की बिक्री की। वहीं, खाने के स्टाॅलों पर भी लोगों की भीड़ रही। लोगों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के नाम व्यंजनों का स्वाद चखा। उधर आयोजकों ने लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन कराया।