- अंडरपास से लेकर सोसाइटी के बेसमेंट में भरा पानी, औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें जलमग्न होने से व्यापारियों को हुई परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर में मंगलवार सुबह तेज बारिश से अंडरपास में पानी भर गया। इसके साथ ही ग्रेनो वेस्ट की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं पंचशील हाईनिश सोसाइटी के बाजार में जलभराव होने से बेसमेंट की दुकानें पानी में डूब गईं। वहीं, अन्य सोसाइटियों के सामने सर्विस रोड पर लोगों को परेशानी हुई। निवासियों का आरोप है कि ग्रेनो वेस्ट के औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 में प्राधिकरण की ओर से करोड़ों रुपये खर्च करके नालियां बनाई गईं, लेकिन सड़कों पर जलभराव से निजात नहीं मिल पा रही है।
सोसाइटी के लोगों ने बताया, हल्की सी बारिश में भी ग्रेनो वेस्ट की सड़कें डूब रही हैं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की ओर से दावे किए गए थे कि नालों की सफाई करा दी गई है,लेकिन हल्की सी बारिश ने पोल खोल दी है। पिछले दिनों बारिश से राइज मॉल व सोसाइटी भी पानी के कारण जलमग्न हो गई थी। वहीं पंचशील हाईनिश सोसाइटी के बेसमेंट में दुकान संचालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बारिश होने से दुकानों में भी पानी भर जाता है। मंगलवार को बारिश के बाद भी बेसमेंट में पानी भर गया, ऐसे में दुकानदार अपनी दुकानों को नहीं खोल पाए। वहीं, बिल्डर प्रबंधन की ओर से पंप की मदद से पानी को निकाला गया। लोगों का आरोप है कि लगातार मेंटेनेंस प्रबंधन से इसकी शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई के लिए तैयार नहीं है।
सर्विस रोड बनी तालाब
इको विलेज वन सोसाइटी निवासी संजय ने बताया, सोसाइटी के बाहर सर्विस रोड पर बारिश से सड़कें तालाब बन गईं। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं, दो पहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि ग्रेनो प्राधिकरण से कई करोड़ रूपये खर्च करने के बाद भी कुलेसरा, हल्दौनी के पास डीएससी मार्ग पर जलभराव की परेशानी दूर नहीं हुई है।