सुबह टहलने निकली महिला की चेन लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, 12,300 रुपये और चाकू बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-78 में सोसाइटी के बाहर 22 जून की सुबह टहलने निकली महिला की चेन लूटने वाला बदमाश पकड़ा गया है। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, चेन बेचने पर मिली धनराशि से 12,300 रुपये और चाकू बरामद किया है।
घटना के वक्त बाइक पर दो बदमाश सवार थे, दूसरे की तलाश में थाना पुलिस लगी हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह प्राथमिकी सेक्टर-76 स्काईटेक मैट्रोट सोसाइटी निवासी वीएस यादव की शिकायत पर दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि 22 जून की सुबह करीब 6:10 बजे वह पत्नी के साथ टहलने निकले थे। महागुन मॉडर्न सोसाइटी के सामने टी-प्वाइंट पर पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने पत्नी के गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि बाइक के पीछे बैठे युवक ने सफेद शर्ट और सफेद गमछा डाला हुआ था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एफएनजी सर्विस रोड, सोरखा के पास से विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर को पकड़ा है। थाना पुलिस की तरफ से बताया गया कि आरोपी की पहचान विजय प्रताप उर्फ राजा ठाकुर (32) निवासी ग्राम अकबरपुर डाढ़ा, थाना फफूंद, जिला औरैया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।