फेस-3 इलाके में तमंचा दिखाकर प्रॉपर्टी डीलर से बाइक सवार दो बदमाशों ने स्विफ्ट कार लूट ली। बदमाश मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने लूट को चोरी में दर्ज किया है। पीसीआर वैन में पीड़ित के कुत्ते को बैठाकर पुलिस बदमाशों को तलाशती रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सदरपुर निवासी संतोष कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वह बुधवार रात करीब 9 बजे किसी काम से रोजा जलालपुर गए थे। साथ में उनका पालतू कुत्ता भी था। वह वापसी में हिंडन क्रास करते ही पुस्ते के पास लघुशंका करने कार से नीचे उतर गए। उसी दौरान उनका कुत्ता भी उतर गया।
वह वापस कार की तरफ बढ़े तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार के पास बाइक खड़ी कर दी। तमंचा संतोष की कनपटी पर सटा दिया। बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचे की बट से वार किया और धक्का दे दिया। आरोप है बदमाशों ने 2000 रुपए और कार की चाबी छीन ली। कार लूटकर फरार हो गए।
कार लूटने वाले बदमाशों की बाइक
- फोटो : अमर उजाला
लूट की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी, जहां मौके पर फेस-3 पुलिस पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के साथ पालतू कुत्ते को पीसीआर में बैठा लिया। पुलिस ने पालतू कुत्ते को साथ लेकर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की। संतोेष कुमार ने बताया कि पुलिस ने लूट की जगह चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाया।
लूट हुई है तो चोरी की धारा हटाकर लूट की धारा लगाई जाएगी। मौके से मिली बाइक विजयनगर गाजियाबाद में रजिस्टर्ड है। जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। पीड़ित को दबाव में लेकर अगर तहरीर बदलवाई गई है तो जांच की जा रही है। उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश यादव, एसपी सिटी
क्या करें और क्या नहीं
- रात के समय यदि आप कार या दुपहिया वाहन से जा रहे तो सुनसान स्थान पर वाहन न रोकें।
- किसी ऐसे रास्ते पर कतई न जाएं, जिस पर पहले न गए हों।
- रात के वक्त सुनसान क्षेत्र में यदि कोई लिफ्ट मांगे तो उससे बचें।
- कार के सीसे बंद रखें, ध्यान रखें कि कोई पीछा तो नहीं कर रहा।
- रात में यदि कहीं जाना हो तो किसी परिचित को साथ लें।
- कोई भी शक हो तो 100 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद ले सकते हैं।
- वाहन में जीपीएस लगवाएं, ताकि लूट या चोरी होने पर वाहन को ट्रेस किया जा सके।