हेडिंग: दो मासूमों से अलग-अलग जगह पर दुष्कर्म का प्रयास
एक मामले में आरोपी ने विरोध पर बच्ची की पिटाई की, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के निठारी गांव में पुलिस ने तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की उम्र 30 साल बताई जा रही है। वहीं, सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के छलेरा गांव में 8 साल की बच्ची के साथ एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, निठारी गांव में किराये पर दो परिवार आमने-सामने रहते हैं। एक व्यक्ति ने शनिवार को सेक्टर-20 थाने पहुंचकर आरोप लगाया है कि उसकी 3 साल की बच्ची से पड़ोसी 30 साल के युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया है। पुलिस ने पोक्सो समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
वहीं, सेक्टर-39 कोतवाली के छलेरा में एक युवक आठ साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर पास में बने एक कमरे में ले गया। परिजनों का आरोप है कि वहां पर उसने दुष्कर्म का प्रयास किया और जब बच्ची रोने लगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसकी पिटाई की। पीड़िता जोर से रोई तो आरोपी भाग गया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी इजहार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।