सरपंच पर मारपीट का आरोप, केस दर्ज
तावडू। उपमंडल के गांव सालाका में सरपंच पक्ष के सात लोगों द्वारा एक वृद्घा व उसकी बहुओं के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल महिलाओं को नूंह में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सरपंच सहित सात नामजद के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता रसीदन (70) निवासी गांव सालाका थाना तावडू ने बताया कि सरपंच सुमेर व कासम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस कहासुनी का आरोप बेवजह उसके पुत्र इरशाद पर लगा दिया गया जबकि सरपंच व कासम के बीच हुई कहासुनी से उसके बेटे का कोई लेना देना नहीं है। आरोप है कि इसी रंजिश के कारण आरोपी लाठी-डंडों के साथ उसकी छत पर आ गए और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। उसके शोर मचाने पर जब उसकी बहू मिसकीना व परवीना उसे बचाने आईं तो उन्हें भी मारा पीटा गया। आरोप है कि उसके घर में रखे सामान को भी तोड़ दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर उमर मोहम्मद, सहतल, सैफ अली, अजरूदीन, ताहिर, शमशाद व सुमेर खान सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।