ट्राले की टक्कर से थ्री व्हीलर में सवार एक की मौत, चार गंभीर
गुुरुग्राम-अलवर नेशनल हाईवे पर स्थित बोड़ीकोठी चौक के पास एक ट्राले ने सवारियों से भरे थ्री व्हीलर में टक्कर मार दी। दुघर्टना में एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्राला चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर इसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नेशनल हाईवे स्थित बोड़ीकोठी चौक से एक थ्री व्हीलर का चालक दोपहर बार 3 बजे अपने सवारियों को भरकर फिरोजपुर झिरका की तरफ आ रहा था। बोड़ीकोठी चौक के पास पहुंचने पर बड़कली की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्राले के चालक ने इस थ्री व्हीलर में टक्कर मार दी। दुघर्टना में गांव कंसाली निवासी मिजान(14) पुत्र रहीश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि सलमान पुत्र अरशद निवासी ढाढ़ोली, परवीना पत्नी इकबाल निवासी लाहबास, आदिल पुत्र इकबाल लाहबास, अमीना पत्नी हारुन निवासी पाडला शाहपुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुघर्टना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रतनलाल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मृतक मिजान को पोस्टमार्टम करवाने तथा घायलों का उपचार करवाने के लिए अल-आफिया-अस्पताल मांड़ीखेड़ा भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई खेमचंद का कहना है कि ट्राले को पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसको शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।