सेक्टर-62 स्थित रजत विहार कॉलोनी से 10वीं की छात्रा लापता हो गई। उसके पिता भाजपा के नेता हैं। छात्रा सोसायटी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैब से उतरती दिखाई दे रही है लेकिन चंद कदम आगे अपने घर नहीं पहुंची। शुक्रवार शाम को लापता होने के बाद परिजनों ने कॉलोनी में ही छात्रा के होने का शक जताया। इसके बाद पुलिस की टीम ने रजत विहार के एक दर्जन से अधिक घरों में तलाशी ली। पुलिस ने सोसायटी की छतों, पार्क व मंदिर की भी तलाशी ली लेकिन छात्रा नहीं मिली। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश तेज कर दी है।
सेक्टर-62 के रजत विहार कॉलोनी में रहने वाली छात्रा दिल्ली के एक स्कूल में पढ़ाई करती है। छात्रा सेक्टर-18 स्थित इंस्टीट्यूट से कोचिंग ले रही है। शुक्रवार रात को वह इंस्टीट्यूट की कैब से रात करीब 8:30 बजे सोसायटी पहुंची। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। सोसायटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे और अपने घर के बगल वाले घर के सीसीटीवी कैमरे में भी वह दिख रही है।
छात्रा के पिता ने बताया कि शुक्रवार रात 8:30 बजे जब बेटी नहीं पहुंची तो उन्होंने तुरंत ही कैब चालक को फोन किया। चालक ने उनकी बेटी को सोसायटी गेट पर छोड़कर आने क जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता व अन्य लोगों ने काफी तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, उसके दोस्तों और कोचिंग इंस्टीट्यूट वालों से भी पता किया। लेकिन उसका सुराग नहीं मिल पा रहा है। कोतवाली सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक पंकज राय ने बताया कि इस मामले में अपहरण का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।